रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 12 नवम्बर 2026
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों की हुई सराहना
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
सीवान, (संवाददाता)| भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को सीवान के राजशाही पैलेस में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की ओर से भव्य कायस्थ परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में 700 से अधिक कायस्थ परिवारों के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना, आपसी रिश्तों को मजबूत करना, नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना तथा शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में समाज को आगे बढ़ाना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नील एसोसिएट्स एवं लक्ष्य रिहैबिलिटेशन सेंटर की ओर से कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों एवं संरक्षक मंडल के सम्मानित सदस्यों को मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।समारोह में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के सीवान अध्यक्ष नीलेश वर्मा ‘नील’ सहित संरक्षक मंडल के सदस्यों अरुण कुमार सिन्हा, प्रमील कुमार गोप, वामदेव प्रसाद, राजेश श्रीवास्तव, विपेन्द्र वर्मा, एस.के. राकेश, सुनील कुमार, ज्वाला प्रसाद, संजय श्रीवास्तव और जीत नारायण वर्मा की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इनके अतिरिक्त कवयित्री आरती आलोक वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता, सीवान के वरिष्ठ पत्रकार पांडे रामेश्वरी प्रसाद उर्फ छोटे बाबू, जीव नारायण सहित समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने समारोह में अपनी सहभागिता निभाई।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता, शिक्षा और संस्कार में निहित होती है। बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें बड़ों का सम्मान, अनुशासन, नैतिकता और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है। भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज ज्ञान, लेखनी, कर्म और न्याय के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने युवाओं से नेतृत्व की जिम्मेदारी उठाने, रोजगार के नए अवसर तलाशने और रोजगार सृजन करने की अपील की। वहीं व्यवसायी वर्ग से एक-दूसरे के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने तथा आपसी सहयोग से समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।समारोह में परिवार परिचय कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें अलग-अलग परिवारों के सदस्यों ने अपना परिचय दिया और एक-दूसरे के कार्यक्षेत्र, उपलब्धियों, पारिवारिक पृष्ठभूमि तथा बच्चों की प्रतिभाओं से परिचित हुए। आयोजन समिति की ओर से कहा गया कि परिवार परिचय का उद्देश्य केवल एक-दूसरे को जानना नहीं, बल्कि ऐसे संबंध विकसित करना है, जिनसे भविष्य में युवाओं को मार्गदर्शन, रोजगार के अवसर और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके। कार्यक्रम में मातृशक्ति की भूमिका और बेटियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।समारोह के दौरान बच्चों एवं बच्चियों ने गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम की सफलता में आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की भी लोगों ने सराहना की। अतिथियों के स्वागत-सत्कार, बैठने की व्यवस्था, स्टार्टर्स, नाश्ता, चाय और सामूहिक पारिवारिक भोज तक सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने आगंतुक परिवारों का आत्मीयता से स्वागत किया।इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नीलेश वर्मा ‘नील’, प्रशांत कुमार, विकास आनंद, अभिषेक कुमार, निरंजन कुमार, संजय श्रीवास्तव, अमित कुमार पिंटू, अनूप कुमार छोटू, पुष्कर कुमार, रोहित कुमार, राकेश सहाय, विनोद श्रीवास्तव, मृत्युंजय कुमार सिकु, अजित कुमार सिन्हा और आकाश कुमार सहित आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने आपसी समन्वय, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आयोजन की तैयारियों से लेकर अतिथियों के स्वागत, व्यवस्थाओं के संचालन और कार्यक्रम के समापन तक अपना योगदान दिया। विशेष रूप से नीलेश वर्मा ‘नील’ और प्रशांत कुमार सहित सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की गई। मंच संचालन में आकाश श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, पुष्कर कुमार और श्वेता श्रीवास्तव ने भी अहम भूमिका निभाई। सभी ने अपने प्रभावशाली संचालन और सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं यादगार बनाया।उपस्थित लोगों ने कायस्थ समाज को एकजुट करने, सामाजिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और इतने बड़े स्तर पर पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संरक्षक मंडल और पूरी आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। आयोजन के अंत में सभी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया गया कि इस परिवार मिलन समारोह को प्रत्येक वर्ष और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। समाज के बच्चों को संस्कार, युवाओं को अवसर, वरिष्ठजनों को सम्मान और प्रत्येक परिवार को सहयोग देने की दिशा में सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे। समारोह ने यह संदेश दिया कि जब परिवार आपस में जुड़ते हैं तो समाज मजबूत होता है और जब समाज एकजुट होता है, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलते हैं।

