रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 12 नवम्बर 2026
विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री को सौंपा तीन सूत्री मांग पत्र, मरीन ड्राइव निर्माण व अहिल्या स्थान को राम सर्किट से जोड़ने का भी उठाया मुद्दा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा/एकमा/मांझी। बिहार के सारण जिले के रिविलगंज व उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सिताबदियारा क्षेत्र के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिविलगंज-सिताबदियारा के बीच सरयू नदी पर पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण कराने की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आवश्यक पहल करने की बात कही है। गुरुवार को मांझी के राम घाट स्थित अटल द्वार के उद्घाटन समारोह के दौरान छपरा विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण मांगों का मांग पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण को क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। विधायिका छोटी कुमारी ने कहा कि रिविलगंज और सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल का निर्माण होने से सारण और बलिया के हजारों लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। फिलहाल, इस क्षेत्र के लोगों को पीपा पुल पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे आवागमन में कई तरह की कठिनाईयां उत्पन्न होती हैं। स्थायी पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बातचीत कर पुल निर्माण की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में लंबे समय से लंबित इस परियोजना के साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है।
बिशुनपुरा से रिविलगंज तक मरीन ड्राइव बनाने की मांग :
विधायक छोटी कुमारी ने क्षेत्र की दूसरी महत्वपूर्ण मांग के रूप में बिशुनपुरा से रिविलगंज तक मरीन ड्राइव का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
अहिल्या स्थान को राम सर्किट से जोड़ने का प्रस्ताव :
तीसरी मांग के तहत विधायक ने भगवान हनुमान जी के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध अहिल्या स्थान (गोदना) को राम सर्किट से जोड़ने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल को राम सर्किट से जोड़ने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। इस संबंध में सारण जिले के युवा एवं सीनियर जनर्नलिस्ट के. के. सिंह सेंगर ने कहा है कि मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई गई इन तीनों मांगों को क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से रिविलगंज-सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण को लेकर मिले आश्वासन से स्थानीय लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है। वहीं भाजपा नेता धर्मेंद्र साह ने कहा कि अब क्षेत्रवासियों को इन विकास योजनाओं पर आगे होने वाली सरकारी कार्रवाई का बेसब्री से इंतजार है।

