AMIT LEKH

Post: सीडी रेसियो 83 प्रतिशत से ऊपर, लक्ष्य प्राप्ति के लिए बैंकर्स को जिला पदाधिकारी का सख्त निर्देश

सीडी रेसियो 83 प्रतिशत से ऊपर, लक्ष्य प्राप्ति के लिए बैंकर्स को जिला पदाधिकारी का सख्त निर्देश

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

विशेष जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में विशेष जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सभी योजनाओं में लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करना।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक के दौरान विशेष प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति के आयोजन की जानकारी, साख-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की समीक्षा, वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धि, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (पीएमईजीपी) तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह (जीविका) के गठन एवं वित्तपोषण, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना की भी समीक्षा की गई।

छाया : अमिट लेख

अग्रणी जिला प्रबंधक ने जानकारी दी कि पश्चिम चंपारण जिले का सीडी रेशियो 83 प्रतिशत से अधिक है, जो पूरे बिहार में तीसरे स्थान पर है। वहीं एसीपी (वार्षिक ऋण योजना) की उपलब्धि 58 प्रतिशत रही। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि पीएमईजीपी योजना में बैंकों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक ऋण स्वीकृत किए हैं, जबकि पीएमएफएमई योजना में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि 12 फरवरी तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें एवं 12 फरवरी 2026 को होने वाले क्रेडिट कैंप में अधिक से अधिक लोगों को ऋण वितरित एवं स्वीकृत किया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले का सीडी रेशियो बेहतर स्थिति में है, लेकिन कुछ बैंक जिनका सीडी रेशियो बहुत कम है जैसे केनरा बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक उन्हें निर्देशित किया गया कि अपने सीडी रेशों में सुधार करें। उन्होंने बैंकर्स से समाज के आर्थिक उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और सभी योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि ने बताया कि 9 से 13 फरवरी तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान ग्राहकों को केवाईसी और सी-केवाईसी संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक सतीश कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी मलय रंजन, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक कामेश्वर सिंह, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रोहित कुमार, जीविका के डीपीएम आर के निखिल सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post