बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
नगर निगम प्रशासन के मानव बल और सरकारी उपकरणों से जारी मुख्य नालों के सफाई में तेजी लाने के दिए सफाई निरीक्षकों को सख्त निर्देश
स्कूल और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नालों में जमा गाद और कचरे से उठने वाली दुर्गंध आमजन, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बताया गंभीर खतरा
मानसून की बरसात शुरू होने से पहले नगर निगम क्षेत्र में जारी मुख्य नाले की तल से सफाई का महापौर ने किया निरीक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बेतिया नगर निगम क्षेत्र के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के समीप स्थित मुख्य नाले की तल से सफाई कार्य का महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाले में जमी सिल्ट और कचरे की स्थिति का जायजा लिया तथा सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नालों में जमा गाद और कचरे से उठने वाली दुर्गंध आमजन, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा सघन शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख नालों की नियमित और प्रभावी सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सफाई कार्य में तेजी लाने, नाले की तल तक से गाद हटाने और कचरे के समुचित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर श्रीमती सिकारिया ने सघन शहरी क्षेत्र के लोगों आश्वस्त किया कि शहर को स्वच्छ और दुर्गंधमुक्त बनाने के लिए नगर निगम पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

नाला सफाई का निरीक्षण करने पहुंचीं महापौर से विद्यालय की दर्जनों छात्राओं ने महापौर गरिमा देवी सिकारिया से भेंट कर विद्यालय के समीप के मुख्य नाले के खतरों बच्चों को बचाने के लिए नाले के किनारे चहारदीवारी निर्माण की अपील की। इसके साथ बच्चियों ने नाले समीप वाली खाली जमीन को एक लघु वाटिका के स्वरूप में पार्क के रूप में विकसित करते हुए खाली भूखंड के सौंदर्यीकरण का अनुरोध किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि शीघ्र ही उनकी मांगों को पूरा करने की पहल की जाएगी।








