बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
एसपी बेतिया ने स्पष्ट संकेत दिया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। 4 जून 26 को पुलिस अधीक्षक महोदय पश्चिम चंपारण बेतिया के कार्यालय के जनता दरबार में प्राप्त एक शिकायत के आलोक में यह संज्ञान में आया कि एक नाबालिग लड़की के अपहरण से संबंधित कांड में अपेक्षित तत्परता से कार्रवाई एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की गई। मामले की गंभीरता, संवेदनशीलता तथा कानून-व्यवस्था पर संभावित प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय, पश्चिम चम्पारण, बेतिया द्वारा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस अवर निरीक्षक सुधा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक महोदय पश्चिम चंपारण बेतिया ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों, महिलाओं एवं संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ता का दायित्व है कि ऐसे मामलों में त्वरित प्राथमिकी, प्रभावी अनुसंधान, अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने हेतु समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि कानून के अनुरूप निष्पक्ष, संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग अपनाएं। कर्तव्य के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पश्चिम चम्पारण पुलिस आमजन को आश्वस्त करती है कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा जनता के विश्वास और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।








