छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
फॉरेंसिक टीम ने इकट्ठा की साक्ष्य के नमूने
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
छपरा/मांझी, (सारण)। बिहार के सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में गुरुवार की देर शाम लूटपाट के दौरान एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव निवासी रामजन्म पंडित की लगभग 80 वर्षीय पत्नी रुक्मिणी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिससे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। परिजनों के अनुसार रुक्मिणी देवी रात करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर स्थित एक कमरे में अकेली सो रही थीं। उनके पति भोजन करने के लिए दूसरे घर गए हुए थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक कथित रूप से कमरे में घुस गया। मृतका की पुत्रवधू रेखा देवी की नजर उस पर पड़ गई। पूछताछ किए जाने पर युवक वहां से भागने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद जब परिजन कमरे के अंदर पहुंचे तो रुक्मिणी देवी मृत अवस्था में मिलीं। उनके चेहरे, आंख और नाक पर चोट के निशान थे तथा गले पर दबाव के चिह्न पाए गए। परिजनों का आरोप है कि बदमाश ने उनके नाक का गहना भी नोच लिया।घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मोबाइल फोन और चप्पल बरामद हुई है, जिसे ग्रामीण संदिग्ध युवक का बता रहे हैं। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलित किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही मामले के सभी पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।








