AMIT LEKH

Post: योगमय हुआ पश्चिम चंपारण, हजारों जीविका दीदियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

योगमय हुआ पश्चिम चंपारण, हजारों जीविका दीदियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

57 संकुल संघों में गूंजा योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जीविका दीदियों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी

स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग: जीविका दीदियों ने लिया स्वस्थ समाज निर्माण का संकल्प

योगमय हुआ पश्चिम चंपारण, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 57 संकुल संघों में जीविका दीदियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम चंपारण जिले के सभी 18 प्रखंडों के 57 जीविका महिला संकुल स्तरीय संघों में भव्य रूप से योग दिवस मनाया गया।

फोटो : मोहन सिंह

“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा अपने परिवार और समुदाय को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। सुबह से ही सभी आयोजन स्थलों पर उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। योग का प्रशिक्षण प्राप्त जीविका दीदियों ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।

छाया : अमिट लेख

साथ ही नियमित योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी भी दी। सिधाव प्रखंड के वाल्मीकि जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संघ की अध्यक्ष दुर्गावती देवी ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने सभी महिलाओं से प्रतिदिन कम-से-कम 30 मिनट योग करने का आग्रह करते हुए कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित दिनचर्या और बदलती जीवनशैली के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी जीविका दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए स्वस्थ, सशक्त और खुशहाल समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया।जीविका के प्रबंधक (स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता) सतीश कुमार ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा तथा अन्य जीवनशैली संबंधी गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि जीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की बैठकों में महिलाओं को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए लगातार प्रेरित किया जाता है। जिले के सभी 18 प्रखंडों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम है। जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति नई जागरूकता का संचार किया।

Leave a Reply

Recent Post