बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
महापौर ने मीना बाजार, टाउन हॉल सहित सघन आबादी वाले क्षेत्र में नाला सफाई का निरीक्षण कर मुख्य नालों में तल से सिल्ट व कचरा निकालने का दिया निर्देश
मानसून के जारी मौसम में बरसात से जल जमाव को लेकर अलर्ट मोड में आया नगर निगम प्रशासन, मुख्य नालों की सफाई उड़ाही तेज
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। मानसून की सक्रियता और सोमवार को हुई बारिश के बाद शहर में जलजमाव की आशंका को लेकर नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने सघन शहरी क्षेत्र में प्रमुख नालों की मिनी पोकलेन मशीन से हो रही सफाई का स्थल निरीक्षण कर के मुख्य नालों की सफाई कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया है। महापौर ने मीना बाजार, टाउन हॉल सहित शहर के सघन आबादी वाले इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कई मुख्य नालों में तलहटी तक जमी सिल्ट, प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। महापौर ने निरीक्षण करने के दौरान सिटी मैनेजर और स्वच्छता अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जाम नालों की गहराई तक सफाई कर पानी की निकासी सुचारु बनाई जाए। महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से लोगों को बचाना नगर निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। इस मौके पर महापौर ने कहा कि इस मौसम के विशेष सफाई कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या उदाशीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे नालों में कचरा नहीं डालें, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। नगर निगम का मानना है कि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई से इस बार मानसून में शहर को जलजमाव की समस्या से बचाया जा सकेगा।








