AMIT LEKH

Post: बांकीपुर उपचुनाव: दोपहर 3 बजे तक वोटिंग प्रतिशत जारी, पीकेऔर बीजेपी की बढ़ गई टेंशन

बांकीपुर उपचुनाव: दोपहर 3 बजे तक वोटिंग प्रतिशत जारी, पीकेऔर बीजेपी की बढ़ गई टेंशन

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना 

मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह तय होगा कि भाजपा अपना गढ़ बरकरार रखती है या फिर राजद अथवा जन सुराज इस सीट पर नया इतिहास रचते हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हो रहे उपचुनाव में मतदान लगातार गति पकड़ रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और समय बढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार दोपहर 3 बजे तक 27.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत, 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत और 3 बजे तक 27.09 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन को उम्मीद है कि मतदान समाप्त होने तक यह प्रतिशत और बढ़ेगा। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर इस बार भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच सीधा मुकाबला है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में यह चुनाव भाजपा के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती है, जबकि प्रशांत किशोर के लिए इसे उनकी राजनीतिक साख की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें भी देखने को मिलीं। प्रशासन का कहना है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, बिहार पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। वहीं, वेबकास्टिंग, सीसीटीवी कैमरों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह तय होगा कि भाजपा अपना गढ़ बरकरार रखती है या फिर राजद अथवा जन सुराज इस सीट पर नया इतिहास रचते हैं।

Leave a Reply

Recent Post