AMIT LEKH

Post: वेंडिंग जोन के लिए नगर निगम की पहल को मिली मंजूरी

वेंडिंग जोन के लिए नगर निगम की पहल को मिली मंजूरी

रिपोर्ट : उप-संपादक बेतिया

हजारी पशुमेला मैदान के दो स्थानों की सरकारी जमीन चिन्हित : गरिमा

बोलीं महापौर सघन शहरी क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत दुकानें लगाकर आवागमन बाधित करने से आमजन की समस्या का होगा स्थायी समाधान

नगर निगम बोर्ड से पारित अपने प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने से अमल का रास्ता साफ हो जाने पर महापौर ने जताया जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अनाधिकृत रूप से दुकानें लगाकर आवागमन बाधित करने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वेंडिंग जोन बनाने की अनुमति मिल गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम प्रशासन की बड़ी पहल सफल हो गई है।

फोटो : मोहन सिंह

महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि उनके प्रस्ताव पर नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित वेंडिंग जोन निर्माण योजना के तहत सदर अंचल कार्यालय ने हजारी पशुमेला मैदान स्थित दो सरकारी भूखंडों को वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त बताते हुए नगर आयुक्त को सहमति पत्र भेज दिया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि अंचल अधिकारी द्वारा भेजे पत्र में स्पष्ट किया गया है कि चयनित दोनों भूखंड बिहार सरकार की बकास्त भूमि हैं, जिन्हें वेंडिंग जोन के निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। पत्र के अनुसार पहला भूखंड प्रखंड कार्यालय के सामने तथा दूसरा हरिवाटिका शिव मंदिर के समीप स्थित है। दोनों स्थलों का सीमांकन, खाता, खेसरा, मौजा और एक-एक एकड़ से भी अधिक रकबा का विवरण भी पत्र में अंकित किया गया है। महापौर ने कहा कि नगर निगम लंबे समय से शहर के फुटपाथों और मुख्य सड़कों पर बेतरतीब ढंग से लगने वाली दुकानों के कारण उत्पन्न जाम और आम नागरिकों की परेशानी का स्थायी समाधान तलाश रहा था। अब वेंडिंग जोन बनने से सैकड़ों छोटे दुकानदारों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान पर कारोबार करने का अवसर मिलेगा, वहीं सड़कें अतिक्रमण मुक्त होकर यातायात भी सुगम होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन अब वेंडिंग जोन के निर्माण और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाएगा, ताकि शहर में व्यवस्थित व्यापार व्यवस्था स्थापित हो सके और नागरिकों के साथ-साथ फुटपाथी दुकानदारों को भी इसका सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही नगर निगम बोर्ड से बीते वर्ष ही पारित अपने प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने से वेंडिंग जोन बनाने का रास्ता साफ हो जाने को लेकर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक कृतज्ञता और आभार जताया है।

Leave a Reply

Recent Post