रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिला पदाधिकरी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं जनभागीदारी का दिखा अनुपम संगम
हजारों की संख्या में जिला प्रशासन के पदाधिकारी/कर्मी, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हुए सम्मिलित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। ’हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत आज समाहरणालय परिसर से शहीद पार्क, बेतिया तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। हाथों में तिरंगा लिए हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह ने किया। यात्रा में वरीय पुलिस अधीक्षक, कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता, श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), सुजीत कुमार, एनईपी, पुरूषोत्तम त्रिवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजन कुमार, जिला युवा अधिकारी, शशांक मितल, डीपीएम, जीविका, आरके निखिल सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सशक्त बनाना है। तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से 9 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी-सह-जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, राकेश कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ है। सभी के सामूहिक प्रयास एवं सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं सफल रहा। हमें विश्वास है कि जिलेवासी इसी उत्साह के साथ हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देंगे।








