रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
मौके पर मची अफरा-तफरी, लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। नालंदा जिला के लहेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भैंसासुर-रांची रोड में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक गैरेज में वेल्डिंग का काम कराने के दौरान अचानक एक स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे आसपास के क्षेत्र और सड़क पर हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पीड़ित वाहन मालिक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के पेसौर गांव निवासी राहुल और गौतम कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी काफी पुरानी थी और लंबे समय से इस्तेमाल के कारण उसके निचले हिस्से में जंग लग गई थी। इसी जंग लगे हिस्से की मरम्मत कराने और वेल्डिंग करवाने के लिए दोनों युवक स्कूटी लेकर भैंसासुर-रांची रोड स्थित एक वेल्डिंग मिस्त्री के पास पहुंचे थे। घटना के समय मिस्त्री स्कूटी के निचले हिस्से में वेल्डिंग का काम कर ही रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी के संपर्क में आने से स्कूटी में अचानक आग पकड़ लिया। पेट्रोल और फाइबर बॉडी होने के कारण आग ने तुरंत जोर पकड़ लिया, जिससे वेल्डिंग मिस्त्री और आसपास मौजूद लोग घबराकर दूर हट गए। आग की लपटें उठते ही स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता और समझदारी का परिचय दिया। लोगों ने बिना समय गंवाए पानी और बालू का इंतजाम किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई के कारण आग आसपास की दुकानों या अन्य वाहनों तक नहीं फैल सकी। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता, तब तक स्कूटी का आधा हिस्सा जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। मामले की जानकारी देते हुए लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आग पर स्थानीय स्तर पर ही काबू पा लिया गया था








