AMIT LEKH

Post: पश्चिम चम्पारण में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

पश्चिम चम्पारण में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क

मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने किया झंडोत्तोलन, परेड का किया निरीक्षण

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के कोने-कोने में आन-बान-शान के साथ तिरंगा लहराया और लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं गौरव का प्रदर्शन किया।

फोटो : मोहन सिंह

मुख्य समारोह का आयोजन रमना मैदान, बेतिया में किया गया, जहां मंत्री, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण लखेन्द्र कुमार रौशन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक श्रीमती रेणु देवी, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, माननीय उपमहापौर, नगर निगम बेतिया श्रीमती गायत्री देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। वहीं पुलिस उप महानिरीक्षक, चम्पारण क्षेत्र हरकिशोर राय, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय परिसर में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम तथा अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया विकास कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

छाया : अमिट लेख 

इसके अतिरिक्त जिले के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों तथा महादलित टोलों एवं बस्तियों में भी पूरे हर्षोल्लास के साथ झंडोत्तोलन किया गया। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, देशभक्ति कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं।मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन के उपरांत प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए पश्चिम चम्पारण में राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना तथा सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं एकता बनाए रखते हुए विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान अपने कर्तव्यों के उत्कृष्ट निर्वहन एवं सराहनीय कार्य के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरीय उप समाहर्ता मो. अहमद अली अंसारी सहित कर्मियों में हीरा यादव, अनिल कुमार, सुनील नाथ तिवारी, नवीन कुमार, भूषण कुमार एवं कबीर सौरभ शामिल रहे। राज्य सरकार को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा जिले के विकास में सहयोग देने वाले व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठानों को भी सम्मानित किया गया। इस क्रम में मॉडर्न ऑटो एजेंसी, बेतिया, मॉडर्न ऑटोमोटिव, बेतिया, चम्पारण ऑटोमोबाइल्स एलएलपी, बेतिया, मेसर्स मां विंध्यवासिनी कंस्ट्रक्शन, ठकराहां, मां दुर्गा ट्रेडर्स तथा आदित्य कुमार तिवारी को भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया। माननीय मंत्री, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण लखेन्द्र कुमार रौशन ने 30 भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र प्रदान किया। पूरे जिले में आज के दिन 970 लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण फेसबुक लाइव के माध्यम से किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, पश्चिम चम्पारण द्वारा किए गए फेसबुक लाइव के माध्यम से जिलेवासियों ने मुख्य समारोह, झंडोत्तोलन एवं अन्य कार्यक्रमों को देखा और सुना। इससे जिले से बाहर रहने वाले लोगों को भी समारोह से जुड़ने का अवसर मिला। समारोह का सफल एवं गरिमापूर्ण संचालन एनईपी, पुरुषोत्तम त्रिवेदी एवं शिक्षिका सुश्री मेरी एडलिन द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Recent Post