AMIT LEKH

Post: आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं को लेकर एटक की बैठक

आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं को लेकर एटक की बैठक

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क

आंदोलन तेज करने का निर्णय

बैठक में सभी परियोजनाओं में सम्मेलन आयोजित करने, संगठन को मजबूत करने तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं को लेकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया

न्यूज़ डेस्क,ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। बेतिया के बलिराम भवन में बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन, एटक पश्चिम चम्पारण जिला कार्यकारिणी की बैठक गोदावरी देवी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 19 एवं 20 सितम्बर को पटना में आयोजित होने वाले बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के राज्य स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में पश्चिम चम्पारण जिले से 10 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक में सभी परियोजनाओं में सम्मेलन आयोजित करने, संगठन को मजबूत करने तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं को लेकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पश्चिम चम्पारण के डीपीओ से मिलकर मांगपत्र सौंपने पर सहमति बनी। मांगपत्र के माध्यम से सेविका-सहायिकाओं के सभी बकाया मानदेय का भुगतान, गोद भराई एवं अन्नप्राशन की राशि, मकान किराया तथा सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर कन्टिजेन्सी राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए एटक बिहार के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी सह पश्चिम चम्पारण अध्यक्ष ओम प्रकाश क्रांति ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केन्द्रों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। सेविका-सहायिकाओं को नियमित रूप से भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पोषाहार को एनजीओ के जिम्मे सौंपने की साजिश की जा रही है, जो लाभार्थियों के हित में नहीं है। सरकार और विभाग की ओर से सेविकाओं पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। ओम प्रकाश क्रांति ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत एवं जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन सरकार और विभाग की उदासीनता के कारण सेविका-सहायिकाओं को लगातार तरह-तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पटना में होने वाले राज्य सम्मेलन में सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा और आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। वहीं संगठन प्रभारी अजय वर्मा ने सभी परियोजनाओं में यूनियन की सदस्यता बढ़ाने तथा सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में कुमारी सुधा, रेशमा शर्मा, अन्नु कुमारी, शकुन्तला देवी, पुनीता देवी, स्नेहलता, रमाकांत गिरी, उदयनारायण शुक्ल, विनय श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post