रिपोर्ट : न्यूज़ ब्यूरो, इंडो-नेपाल बॉर्डर
नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत, प्रशासनिक अलर्ट के बाद बढ़ी निगरानी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संतोष कुमार)। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।

अचानक बड़ी मात्रा में पानी आने के बाद कई इलाकों में भारी नुकसान की खबर सामने आई है। स्थानीय प्रशासन ने त्रिशूली नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को हाई अलर्ट पर रहने की चेतावनी दी है। नेपाल से सामने आए वीडियो में बाढ़ के पानी का बेहद तेज और भयावह बहाव दिखाई दे रहा है। रिपोर्टों के अनुसार रसुवा के टिमुरे और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से बस्तियों और जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ का पानी आगे नुवाकोट और धादिङ की ओर बढ़ने की जानकारी भी सामने आई है।
त्रिशूली नदी के आसपास हाई अलर्ट :
नेपाल के अधिकारियों ने त्रिशूली नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए लोगों को नदी किनारे जाने से बचने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है। त्रिशूली नदी आगे चलकर नारायणी नदी तंत्र से जुड़ती है और भारत में यही नदी तंत्र गंडक के रूप में जाना जाता है। ऐसे में नेपाल में आई इस अचानक बाढ़ को लेकर वाल्मीकिनगर और गंडक नदी के आसपास के इलाकों में भी लोगों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
वाल्मीकिनगर के लोगों से विशेष अपील :
वाल्मीकिनगर में विशेष रूप से गंडक बांध एवं नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों से बचते हुए आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति के लिए सतर्क रहें।

थाना स्तर से भी स्थानीय स्तर पर सावधानी बरतने की सूचना मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में लोगों से अपील है कि वे स्थिति को गंभीरता से लें, लेकिन बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी भी अपुष्ट दावे को आगे न बढ़ाएं। फिलहाल सबसे जरूरी है—सतर्कता, सावधानी और प्रशासन के निर्देशों का पालन।







