रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क
“कानून की जानकारी, हक की है तैयारी”
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने दिया न्याय साक्षरता की जानकारी : मेरी आडलीन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के तत्वावधान में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पश्चिम चंपारण, के सचिव धीरेंद्र कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में “न्याय साक्षरता” जनजीवन और जगत के लिए जागृति योजना के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्याय जागरूकता संबंधी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज रा० उ० मा० विद्यालय सबेया कला, चनपटिया में छात्राओं के द्वारा न्याय साक्षरता ओर आधारित “कानून की जानकारी, हक की है तैयारी” नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। शिक्षिका मेरी आडलीन ने बताया कि न्याय साक्षात्कार अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय तक सहज एवं समान रूप से पहुँच प्राप्त हो सके।

मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए हर एक व्यक्ति को जागरूक बनना जरूरी है, इसलिए आज विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि अगर किसी गरीब, अनपढ़ व्यक्ति के पास अपने केस लड़ने, वकील करने के लिए पैसा नहीं है, तो ऐसे में कैसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प० चम्पारण, बेतिया में जाकर मुफ्त कानूनी सलाह और वकील कर सकता है। विद्यालय के शिक्षक संजीत कुमार गुप्ता ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से कहा कि आप सब पढ़े-लिखे है, आप स्वयं जागरूक बने और अपने माध्यम से जन -जन तक न्याय साक्षरता की जानकारी सांझा करें। वही माउंट कार्मेल एकाडमी चुहड़ी के विद्यार्थियों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के न्याय साक्षरता अभियान के तहत पौधरोपण किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को न्याय साक्षरता की जानकारी दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रोबर्ट रिकार्डों ने कहा कि अभिभावक बैठक में अभिभावकों को न्याय साक्षरता की जानकारी दिया जाएगा जिससे लोग अपने हक और कानून की जानकारी ले सकेंगे।


