रिपोर्ट : बेतिया डेस्क
विधायक अभिषेक रंजन ने 10 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर उक्त क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाले गंभीर जलजमाव की समस्या से अवगत कराया था
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। चनपटिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चनपटिया प्रखंड के बेतिया डीह पंचायत के जोकहां ग्राम सहित श्रीनगर, खैरटिया, गुरवलिया, तुनिया, कुड़वा मठिया, पूर्वी तुरहापट्टी एवं आसपास की पंचायतों में जलजमाव और जल निकासी की समस्या को लेकर विधायक अभिषेक रंजन की पहल पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। विधायक अभिषेक रंजन ने 10 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर उक्त क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाले गंभीर जलजमाव की समस्या से अवगत कराया था। पत्र में बताया गया था कि जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग एवं नहरों की समुचित सफाई नहीं होने तथा कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा मिट्टी आदि डालकर अस्थायी डायवर्सन बना दिए जाने के कारण पानी का बहाव बाधित हो रहा है। इससे खेतों में पानी जमा रहने के कारण किसानों की फसल प्रभावित एवं बर्बाद हो रही है। मामले में जिलाधिकारी ने 18 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, कार्यपालक अभियंता, तिरहुत नहर प्रमंडल-01, बेतिया, कार्यपालक अभियंता, जल निस्सरण प्रमंडल, बेतिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चनपटिया तथा अंचल अधिकारी, चनपटिया को शामिल किया गया है। जिला प्रशासन ने समिति को संबंधित स्थलों का संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर जलजमाव एवं जल निकासी की समस्या का निराकरण कराने तथा अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वहीं, कुमारबाग रेलवे स्टेशन से पूर्व पुल संख्या-274 के समीप अनुपयोगी अस्थायी रेल लाइन डायवर्सन के कारण जल निकासी बाधित होने का मामला भी विधायक ने रेलवे के समक्ष उठाया था। विधायक ने 10 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर को पत्र भेजकर उक्त डायवर्सन का स्थल निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार हटाने तथा जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया था। इसके जवाब में मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर ने 11 अगस्त को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समीक्षा एवं कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने की जानकारी दी है। विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी जल निकासी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जिला प्रशासन और रेलवे स्तर पर कार्रवाई शुरू होने से प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में पहल हुई है।








