रिपोर्ट : बेतिया डेस्क
लापरवाही एवं असंतोषजनक प्रगति पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला प्रोग्राम कार्यालय, आइसीडीएस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की कार्य प्रगति की समीक्षा आज उप विकास आयुक्त, पश्चिम चम्पारण, काजले वैभव नितिन द्वारा की गयी। समीक्षा के दौरान मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन, जीएमडी, होम विजिट, सीबीई, वीएचएसएनडी, एफआरएस, एससीएम एंट्री, आभा आईडी, शौचालय निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण, किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों को पंचायत भवन में शिफ्ट करने की स्थिति सहित अन्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गयी।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, पालना घर, मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना आदि की भी प्रगति की समीक्षा की गयी।उप विकास आयुक्त द्वारा बारी-बारी से सभी योजनाओं की प्रगति एवं निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धि की समीक्षा की गयी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान मधुबनी एवं भितहां की कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाये जाने पर संबंधित सीडीपीओ एवं एलएस के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही अन्य एलएस, सेविका-सहायिका जिनकी लापरवाही के कारण अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति धीमी है, को शोकॉज करने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर पर सभी आवश्यक प्रविष्टियों को ससमय अद्यतन किया जाए तथा होम विजिट, वीएचएसएनडी, आंगनबाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण एवं अन्य गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों को पंचायत भवन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने सभी सीडीपीओ एवं एलएस को अपने-अपने क्षेत्र में योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आइसीडीएस, श्रीमती कविता रानी सहित सभी सीडीपीओ, सभी एलएस तथा आइसीडीएस के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।








