रिपोर्ट : पटना डेस्क
जन सुराज की ओर से दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से डॉ. दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने रविवार को अपने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने प्रेस वार्ता कर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है। जन सुराज की ओर से दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से डॉ. दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से राय ली गई। अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें की गईं और संभावित उम्मीदवारों से बातचीत के बाद पार्टी की कोर कमेटी ने नामों पर चर्चा की। इसके बाद उम्मीदवारों का चयन किया गया। प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई पिछले कई वर्षों से सरकार के साथ चल रही है और शिक्षकों को जन सुराज से भी काफी अपेक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी शिक्षक संघों को साथ लाकर एक संघर्ष समिति बनाएगी। उन्होंने शिक्षकों की मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि सातवां वेतनमान लागू किया जाना चाहिए, वित्त रहित एवं वित्तपोषित शिक्षण संस्थानों की समस्या खत्म होनी चाहिए और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगाया जाना चाहिए। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि इन मांगों को लेकर मार्च से पहले काम करवाने का प्रयास किया जाएगा। जन सुराज प्रमुख ने विधान परिषद चुनाव में मतदाताओं से जातीय समीकरण से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिले समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह लोगों ने वहां मतदान किया, उसी तरह विधान परिषद चुनाव में भी जाति से ऊपर उठकर वोट करना चाहिए। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे पढ़े-लिखे मतदाता हैं और उन्हें अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।








