रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 20 नवम्बर 2026
एकमा के मतदान केंद्रों पर शनिवार और रविवार को बीएलओ रहेंगे तैनात
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने एवं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को एकमा प्रखंड के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा सभागार में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 113, एकमा विधानसभा क्षेत्र के एकमा प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 1 से 206 तक के बीएलओ शामिल हुए। बैठक का आयोजन चार अलग-अलग बैचों में किया गया। इसके तहत बूथ संख्या 1 से 50 तक के बीएलओ को पूर्वाह्न 11 से दोपहर 12 बजे तक, बूथ संख्या 51 से 100 तक के बीएलओ को दोपहर 12 से 1 बजे तक, बूथ संख्या 101 से 150 तक के बीएलओ को दोपहर 1 से 2 बजे तक तथा बूथ संख्या 151 से 206 तक के बीएलओ को दोपहर 2 से 3 बजे तक बैठक में शामिल होने का समय निर्धारित किया गया था। बैठक में बीएलओ को नई मतदाता सूची, प्रारूप प्रपत्रों एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही प्रपत्र संख्या 6, 7 एवं 8 भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रपत्र संख्या 6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, प्रपत्र संख्या 7 के जरिए अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा प्रपत्र संख्या 8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान मतदाता सूची में लिंगानुपात में सुधार लाने, महिलाओं एवं युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बीएलओ को निर्देश दिया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार एवं रविवार को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्राप्त करें। साथ ही मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में बीडीओ डॉ अरुण कुमार, प्रशिक्षक निर्भय कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार चौबे, सत्येंद्र कुमार राय, बीएलओ शशिभूषण शाही, दीपक कुमार, रजनीश कुमार, शैलेश कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, कमल कुमार सिंह, दिग विजय कुमार गुप्ता, योगेश कुमार सिंह, लखन लाल प्रसाद, साहेब हुसैन, गाजी हसन, उमेश साह आदि अन्य बीएलओ शामिल हुए।

