AMIT LEKH

Post: कर्पूरी चौक पर हाट निर्माण कार्य का जिला पदाधिकारी ने किया शिलान्यास

कर्पूरी चौक पर हाट निर्माण कार्य का जिला पदाधिकारी ने किया शिलान्यास

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 22 सितम्बर 2026

ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जिले के कुल 7 स्थलों पर होगा हाट का निर्माण सभी का आज हुआ शिलान्यास

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह द्वारा आज मझौलिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज विशम्भरपुर में विकसित भारत-जी राम जी के तहत कर्पूरी चौक पर प्रस्तावित हाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, एनईपी, पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, ग्राम पंचायत राज विशम्भरपुर के मुखिया संतोष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

हाट का निर्माण हो जाने से स्थानीय किसानों, छोटे व्यवसायियों एवं ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के विक्रय के लिए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में स्थानीय बाजारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। हाट के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाना चाहिए, जिससे इसका प्रत्यक्ष लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिल सके। एनईपी, पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने बताया कि कर्पूरी चैक पर हाट निर्माण योजना संख्या-02/26-27 को प्रशासनिक स्वीकृति दिनांक 25.08.2026 को प्राप्त हुई है। उक्त योजना के तहत कार्य प्रारंभ करने की तिथि 23.09.2026 निर्धारित है। हाट निर्माण कार्य की प्राक्कलित राशि 22,08,196 रुपये है।

उन्होंने बताया कि हाट के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं की खरीद-बिक्री के लिए एक व्यवस्थित स्थल उपलब्ध होगा तथा इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने हाट निर्माण कार्य के शिलान्यास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Recent Post