रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 22 सितम्बर 26
चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं मरीज-परिजनों के बीच मधुर संवाद जरूरी
बेहतर संवाद और मधुर व्यवहार से सुदृढ़ होगा जीएमसीएच का वातावरण
विद्यार्थी सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी ने सुनी जीएमसीएच के छात्रों की समस्याएं
छात्रों की समस्याओं का सहयोग पोर्टल पर अपडेट कर समयबद्ध निराकरण का दिया निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को 52 विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इसी क्रम में जीएमसीएच, बेतिया में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर निगम, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, जीएमसीएच के सुपरिटेंडेंट एवं प्राचार्य सहित चिकित्सक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। शिविर के दौरान जीएमसीएच के विद्यार्थियों ने जिला पदाधिकारी के समक्ष मेस में मेन्यू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था, छात्रावास के वॉशरूम की मरम्मति, शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार, छात्रावास से संबंधित समस्याएं, क्रिकेट ग्राउंड की व्यवस्था, छात्रों की संख्या के अनुरूप आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सहित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को रखा।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए जीएमसीएच प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित सभी समस्याओं को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा उनका समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जीएमसीएच प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि चिकित्सकों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच बेहतर एवं मधुर संवाद का वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में ऐसा सकारात्मक एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जिससे जीएमसीएच बेतिया को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रभावी प्रगति हो। जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक एवं छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।








