AMIT LEKH

Post: प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण का शानदार प्रदर्शन

प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण का शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 08 अक्टूबर 2026

एथलेटिक्स, हैंडबॉल, फुटबॉल, ताइक्वांडो और कुश्ती में खिलाड़ियों ने लहराया परचम, बालक-बालिका टीमों ने जिले का बढ़ाया मान

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न खेल विधाओं में जिले के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। वहीं कई टीमों ने विजेता एवं उपविजेता का खिताब हासिल कर जिले की खेल प्रतिभा का दमखम दिखाया। अंडर-14 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

फोटो : अमिट लेख

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बालिका वर्ग में 600 मीटर दौड़ में बिंदिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में रितिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि दीपिका ने 100 मीटर दौड़ और लॉन्ग जंप में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हाई जंप में निरजला ने स्वर्ण पदक हासिल किया। बालक वर्ग में 600 मीटर दौड़ में सबरे आलम ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं 400 मीटर दौड़ एवं हाई जंप में रितिक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों की टीमों ने विजेता का खिताब हासिल कर जिले को दोहरी सफलता दिलाई। अंडर-17 बालिका हैंडबॉल में भी पश्चिम चंपारण की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालिका कबड्डी में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।अंडर-14 बालिका वॉलीबॉल में भी पश्चिम चंपारण की टीम ने शानदार खेल भावना और संघर्ष का परिचय देते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

छाया : अमिट लेख

ताइक्वांडो में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 3 स्वर्ण, 6 रजत एवं 15 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं कुश्ती में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक अपने नाम किए। कुश्ती में मिली यह उपलब्धि जिले के खिलाड़ियों की मजबूत खेल क्षमता और निरंतर मेहनत को दर्शाती है। खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ योग में भी पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 के बालक एवं बालिका वर्गों को मिलाकर कुल 9 प्रतिभागियों का प्रमंडल स्तर पर चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर पश्चिम चंपारण का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने इस शानदार उपलब्धि पर जिले के सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रमंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पश्चिम चंपारण का प्रतिनिधित्व करेंगे। पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित किया है कि पश्चिम चंपारण में खेल प्रतिभाओं की भरपूर संभावनाएं हैं और उचित अवसर एवं मार्गदर्शन मिलने पर जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण तरनजोत सिंह ने प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Recent Post