रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 09 अक्टूबर 2026
नगर निगम प्रशासन के सड़क एवं नाला निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं : गरिमा
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 27 में जारी सड़क और नाला का मानक गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने का महापौर ने दिया संवेदक को निर्देश
नागरिक गण से निर्माण कार्य में गुणवत्ता की निगरानी के साथ सड़क के लिए सरकारी मानक के अनुसार पर्याप्त उपयुक्त जगह नहीं छोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने नगर के वार्ड संख्या 27 में कैलाश यादव के घर से सीतेश्वर चौबे का घर होते हुए संत कबीर मेन रोड तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। स्थल निरीक्षण के क्रम में महापौर श्रीमती सिकारिया ने नगर निगम द्वारा स्वीकृत इस योजना में मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर किया।

उन्होंने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सड़क एवं नाला निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने स्थानीय नागरिकों से भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने और मानकों के विपरीत काम होने पर नगर निगम प्रशासन को तत्काल सूचित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों का लाभ लंबे समय तक आम जनता को मिलना चाहिए। इसके लिए निर्माण की गुणवत्ता, निर्धारित माप और तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने भविष्य में संपर्क पथ के चौड़ीकरण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सड़क के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्धारित भवन निर्माण उपविधि (बिल्डिंग बायलॉज) के मानकों के अनुरूप सड़क की चौड़ाई के लिए जगह सुनिश्चित की जाए। इससे भविष्य में चौड़ी एवं उपयोगी पीसीसी सड़क के निर्माण के साथ नाला निर्माण में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। महापौर श्रीमती सिकारिया ने निरीक्षण के क्रम में स्पष्ट किया कि सड़क और नाला निर्माण की योजना केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कार्य कराया जाना चाहिए। निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करना नगर निगम प्रशासन और संबंधित संवेदक की जिम्मेदारी है।








