रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 21 अक्टूबर 2026
महावीरी अखाड़ा जुलूस में दिखे पारंपरिक करतब
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। नगर पंचायत एकमा बाजार में विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को भरहोपुर और भुईली गांव से निकाले गए दो अलग-अलग महावीरी अखाड़ा जुलूस आकर्षण का केंद्र रहे।

जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच निकले जुलूसों में श्रद्धालुओं और दर्शकों की अच्छी भागीदारी रही। पारंपरिक करतब, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने मेले की रौनक बढ़ाई। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में दशहरा मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

भरहोपुर गांव का महावीरी अखाड़ा बैंड-बाजे और पारंपरिक साज-सज्जा के साथ एकमा मुख्यालय से होते हुए एकमा रेलवे परिसर पहुंचा। यहां अखाड़े के सदस्यों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया।

वहीं, भुईली गांव से निकला महावीरी जुलूस आकर्षक झांकियों और पारंपरिक आयोजन के साथ परसा मोड़, थाना क्षेत्र, पूर्वी रेलवे ढाला और एकमा बाजार होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा। निर्धारित कार्यक्रम के बाद दोनों अखाड़े अपने-अपने गांव लौट गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन :
महावीरी अखाड़ा जुलूस और दशहरा मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। एसडीपीओ प्रेमचंद सिंह, एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

मजिस्ट्रेट के रूप में बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, सीओ रवि शेखर आदि भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। रेलवे परिसर और रेलवे लाइन के आसपास जीआरपी एवं आरपीएफ के जवानों ने भी सतर्कता बरती। जुलूसों के आवागमन और रेलवे क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। रेलवे ढाला के पास ट्रेन के गुजरने के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी सतर्कता बरती गई। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बनी रही।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद :

महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान विधायक मनोरंजन सिंह धूमल सिंह, भाजपा नेता चैतेंद्र नाथ सिंह, मुकेश कुमार सिंह, लोजपा (रा) नेता कामेश्वर सिंह मुन्ना, नागेंद्र सिंह, सेना से सेवानिवृत्त नीरज राय, चीफ रिपोर्टर अमनेश दुबे, पिंटू सिंह, निकल सिंह, लंगड़ बाबा, अनिरुद्ध सिंह, योगेंद्र शर्मा, भूअर सिंह, दही बाबा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के बीच दोनों महावीरी जुलूसों के संपन्न होने के साथ ही एकमा में दशहरा मेले का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।








