रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 12 नवम्बर 2026
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल व विधायक रणधीर सिंह की पहल पर मांझी को मिली विकास की सौगात, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा/मांझी/एकमा। सारण जिले के मांझी में सरयू तट पर स्थित ऐतिहासिक रामघाट का नाम गुरुवार को विकास और गौरव के नये अध्याय के रूप में जुड़ गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रामघाट पर नवनिर्मित अटल घाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस कार्यक्रम के साथ ही मांझी के रामघाट को एक नई पहचान मिली है। महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मांझी विधायक रणधीर सिंह की पहल पर साकार हुई इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अटल घाट का निर्माण मांझी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए कराया गया है। इससे रामघाट की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं को भी बल मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व, उनके विचार और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके नाम पर निर्मित घाट और प्रतिमा क्षेत्र के लोगों को उनके विचारों एवं आदर्शों की याद दिलाते रहेंगे। स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को मांझी के लिए महत्वपूर्ण विकासात्मक सौगात के रूप में देखा जा रहा है। रामघाट पर अटल घाट और अटल वाटिका के विकसित होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह स्थल भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है। जदयू नेता निरंजन सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों अटल घाट के उद्घाटन और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण से मांझी क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। क्षेत्रवासियों ने इसे मांझी के विकास और ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, एकमा विधायक मनोरंजन सिंह धूमल, मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, बनियापुर विधायक केदार नाथ सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह आदि जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता धर्मेंद्र साह, धर्मेंद्र सिंह चौहान, ब्रजेश रमण, भाजपा जिला पश्चिमी उपाध्यक्ष चैतेंद्र नाथ सिंह, मुकेश कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद रुपेश कुमार सिंह छोटू, बलवंत सिंह, मनोज कुमार प्रसाद, धर्मेन्द्र समाज, राजेश प्रसाद, जदयू नेता निरंजन सिंह, सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, एएसपी सह एसडीपीओ सदर-2 एकमा प्रेमचंद सिंह, मांझी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष, मीडिया कर्मी, पीआरडी कर्मी सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। इसके पूर्व एनडीए नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा सीएम सम्राट चौधरी को गर्मजोशी के साथ फूल-मालाओं से भव स्वागत व अभिनंदन किया गया।

