रिपोर्ट : पटना डेस्क, 18 नवंबर 2026
अक्षय नवमी के पावन अवसर पर कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती विषय पर किया संवाद, प्रचार-प्रसार में योगदान हेतु पत्रकारों को किया सम्मानित
अगले छठ महापर्व पर प्राकृतिक तरीके से उत्पादित अन्न, फल-फूल बाजार समिति के माध्यम से होंगे उपलब्ध
: विजय कुमार सिन्हा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (रमेश ठाकुर)। अक्षय नवमी के पावन अवसर पर आज कृषि भवन परिसर, मीठापुर, पटना में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, इसके महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय कृषि मंत्री, बिहार सरकार, श्री विजय कुमार सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति में प्राकृतिक खेती विषय पर संवाद आयोजित किया गया। साथ ही, प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार में सराहनीय योगदान देने हेतु पत्रकार बंधुओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती की एक पद्धति नहीं, बल्कि धरती, पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और भावी पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण संकल्प है। रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आगामी छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए बिहार में प्राकृतिक विधि से फल एवं फूलों की खेती को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत किसानों को प्राकृतिक तरीके से फल-फूल उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा उनके उत्पादों को बाजार समिति के माध्यम से बाजार तक पहुँचाने और छठव्रतियों एवं आम उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलेगा, वहीं लोगों को प्राकृतिक एवं गुणवत्तापूर्ण पूजन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। श्री सिन्हा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विजन है कि प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाकर धरती की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण किया जाए। रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो, किसानों की लागत घटे और उनकी आय बढ़े। स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान और सुरक्षित भविष्य ही प्राकृतिक खेती का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि बिहार की कृषि व्यवस्था को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा। इसमें किसानों की सक्रिय भागीदारी के साथ-साथ मीडिया की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया अपनी पहुंच और प्रभाव के माध्यम से प्राकृतिक खेती के लाभ, सफल प्रयोगों और किसानों के अनुभवों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचा सकता है।

