रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 25 नवम्बर 2026
बच्चों के बुनियादी शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने पर विशेष जोर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। बच्चों के बुनियादी शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने एवं सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एकमा स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), एकमा में ‘टीचिंग एट द राइट लेवल’ (TaRL) के अंतर्गत चार दिवसीय प्रखंड स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण बिहार सरकार एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में कक्षा चार से आठ तक के उन बच्चों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जो अपनी कक्षा के निर्धारित शैक्षणिक स्तर के अनुरूप पढ़ने-लिखने एवं गणितीय दक्षताओं में पीछे रह गए हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों का आकलन कर उनके वास्तविक सीखने के स्तर की पहचान करना तथा उसी के अनुरूप उन्हें समूहबद्ध कर विशेष शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से उनकी शैक्षणिक दक्षता में सुधार लाना है। प्रशिक्षण के प्रथम दिन दो बैचों का संचालन किया गया, जिनमें प्रत्येक बैच में 52-52 शिक्षक शामिल हुए। इस प्रकार कुल 104 शिक्षकों ने प्रशिक्षण में सहभागिता की। बीईओ मनीष कुमार ने कहा कि संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम चार बैचों में संपन्न कराया जाएगा, जिसमें प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षक शामिल होंगे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में कुमारी अंजना, रंजन कुमार चौरसिया, शैलेन्द्र कुमार एवं अरुण कुमार ओझा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके द्वारा शिक्षकों को बच्चों के वर्तमान सीखने के स्तर के अनुरूप शिक्षण रणनीतियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मनीष कुमार, प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, अरुण सिंह, संदीप कुमार, शिक्षक डॉ शशिभूषण शाही, बीआरसी कर्मी अजीत कुमार, मनीष कुमार सिंह, अरुण यादव सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे। प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को इस प्रकार दक्ष बनाया जा रहा है कि वे बच्चों की वास्तविक शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप शिक्षण कार्य कर सकें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चा अपनी गति एवं क्षमता के अनुसार सीखने में आगे बढ़ सके।

