डेढ़ साल बाद 70 हजार कैश के साथ अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा
नसीम खान ‘क्या’
– अमिट लेख
बगहा, (जिला ब्यूरो)। बगहा में 18 माह पहले बैंक से हुई चोरी मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है। 70 हजार कैश के साथ चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा है जिसको पुलिस ने जेल भेज दिया है। बगहा पटखौली थाना अंतर्गत बीते वर्ष 15 मई 2022 की रात्रि में एसबीआई बैंक में सेंध लगाकर 95 हजार 105 रुपया चोरी करने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है। चोरी की गई राशि में से 70 हजार रुपया के साथ आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल बगहा के बैंक चौक स्थित एसबीआई से अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर करीब एक लाख रुपया उड़ा लिया था। इस घटना के बाबत पटखौली थाना में कांड संख्या 356/22 दर्ज किया गया और पुलिस मामले के जांच व तहकीकात में जुट गई। लेकिन पुलिस को उस समय सफलता नहीं मिली। अब घटना के तकरीबन 19 माह बाद पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त नरायणापुर चिरान टोला निवासी अवधेश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 70 हजार रुपया भी बरामद किया है। एसपी किरण कुमार गोरख जाधव के निर्देश पर लालबाबू यादव थानाध्यक्ष भैरोगंज, नितेश कुमार थानाध्यक्ष पटखौली समेत पुलिस टीम में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने मामले का उद्भेदन करने में सफलता पाई है।








