



लालू की पार्टी पर हमला बोला
न्यूज डेस्क,पटना
दिवाकर पाण्डेय
अमिट लेख
पटना(विशेष ब्यूरो)। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उपाध्यक्ष और सुपौल के पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने विश्वमोहन कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। लोकसभा चुनाव से पहले विश्वमोहन कुमार के बीजेपी में शामिल होना आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्व सांसद ने कहा कि एक ओर भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष पद पर पहुंच सकता है, वहीं राजद में एक परिवार का ही व्यक्ति शीर्ष पद पर बैठ सकता है। विश्वमोहन ने आगे कहा कि भाजपा की नीतियों से आकर्षित होकर ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा का मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ किसी को भी आकर्षित करने के लिए काफी है। यही कारण है कि आज यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। राजद को एक परिवार की पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए लोग अपने सनातन धर्म तक का अपमान कर रहे हैं।उन्होंने साफ लहजे में कहा कि अब देश की जनता इनकी तुष्टिकरण की नीति को समझ चुकी है। बिहार में जब से राजद सरकार में आई है तब से प्रदेश में अपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं। यही उस पार्टी की विरासत है।