हमारे विशेष ब्यूरो बिहार दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। जदयू प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री सह राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का 73वां जन्मदिन शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 73 पाॅन्ड का केक काटा एवं नीतीश कुमार के निरोग एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इस दौरान पार्टी कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में आम लोगों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं एवं मुफ्त दवाईयां दी गईं। साथ ही 51 महिलाओं को अंगवस्त्र एवं मीडिया कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। दरोगा राय पथ, पटना स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन को लेकर पूजा-अर्चना की। इस खास मौके पर जदयू के राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य डाॅ. राहुल परमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन एवं समाज सुधार की दिशा में उनके द्वारा किए गए अनूठे कार्यों पर लिखित ‘बिहार के राजा राम’ पुस्तक का विमोचन प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने किया। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा केक काटकर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा का भी जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर सांसद आलोक कुमार सुमन, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अशोक चैधरी, विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व मंत्री जयंत राज,विधान पार्षद ललन सर्राफ सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








