AMIT LEKH

Post: लालटेन से तेल निकलने लगा है और उसका बूझना तय है : प्रशांत किशोर

लालटेन से तेल निकलने लगा है और उसका बूझना तय है : प्रशांत किशोर

विशेष ब्यूरो बिहार दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :

जन सुराज अभियान के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जोड़ने में सक्रिय रहें

उन्होंने कहा कि जन सुराज सभी वर्गों, जातियों, धर्मों के लोगों का समागम है जो इसकी सबसे बड़ी खुबसूरती और ताकत है

न्यूज डेस्क, राजधानी पटना

दिवाकर पाण्डेय

– अमिट लेख
पटना, (ए.एल.न्यूज़)। जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के प्रणेता प्रशांत किशोर ने कहा है कि राजद के लालटेन से तेल (मुस्लिम समाज) निकल रहा है, जिससे लालटेन का बूझना तय है। इसका डर राजद को भीतर से हिला कर रख दिया है। आप सभी ने अभी रुपौली विधानसभा के उप चुनाव का परिणाम देखा है जिसमें वहां की जनता ने राजद और जदयू के दोनों गठबंधनों को धूल चटा दी है। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता अब जग चुकी है और बड़े बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आगामी 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा, जदयू,राजद और कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों का सूपड़ा साफ करेगी और जन सुराज की सरकार बनेगी। वे आज पटना के ज्ञान भवन में डिजिटल मीडिया कर्मियों और जन सुराज अभियान समिति के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को जब पार्टी बनेगी तब तक एक करोड़ लोग संस्थापक सदस्य बन चुके होंगे। उक्त जानकारी आज़ यहां जारी एक बयान में जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने दी। श्री ठाकुर ने बताया कि प्रशांत किशोर ने सम्मेलन में यह भी घोषणा की कि दल बन जाने के बाद भी उनकी पदयात्रा बिहार के शेष जिलों में जारी रहेगी। क्योंकि इस अभियान की आत्मा पदयात्रा है। उन्होंने अभियान समिति के पदाधिकारियों को संगठन का हृदय बताया और अभियान को गांव – गांव और घर – घर ले जाने में अपनी ताकत झोंक दें। प्रशांत किशोर ने सभी से जन सुराज की सोंच को हर व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में आपकी और जनता की ताकत से निश्चित बदलाव होगा। जरुरत है कि सभी जन सुराजी साथी इस अभियान को घर -घर पहुंचाने में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि जन सुराज सभी वर्गों, जातियों, धर्मों के लोगों का समागम है जो इसकी सबसे बड़ी खुबसूरती और ताकत है। उन्होंने फिर दुहराया कि जिसकी जितनी संख्या है उसको उतनी भागीदारी हर हाल में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों में और जातियों में अच्छे लोग हैं जिन्हें जन सुराज अवसर उपलब्ध करायेगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की आजादी की लड़ाई के समय जो व्यवस्था कांग्रेस में थी उसी व्यवस्था को पुनर्जीवित किए जाने का प्रयास है जन सुराज।

उन्होंने फिर दुहराया कि दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, मुस्लिम, सवर्ण, महिला समेत बिहार की सभी जातियों के उम्मीदवार उनकी आबादी के आधार पर बनाये जाएंगे। एक प्रश्न के उत्तर में प्रशांत किशोर ने कहा कि पन्द्रह प्रतिशत यादव समाज है, उन्हें भी, जन सुराज पन्द्रह प्रतिशत टिकट देगा। यहां किसी जाति और धर्म से किसी कीमत में भेदभाव नहीं किया जाएगा। सम्मेलन को पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक आर के सिंह, कोदो हवारी, असगर अली, राम आधार पासवान समेत अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

Recent Post