



छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
अजीत आनंद ने बताया कि ये सभी भजन उनके यूट्यूब चैनल “अजीत आनंद एंटरटेनमेंट” पर उपलब्ध हैं
न्यूज़ डेस्क, छपरा/सारण
हमारे प्रतिनिधि
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक व अभिनेता अजीत आनंद ने सावन के अवसर पर अपने प्रशंसकों के लिए खास भक्ति गीतों की श्रृंखला पेश की है। हर साल सावन में कांवड़ गीत गाने वाले अजीत आनंद ने इस बार परंपरा से अलग हटकर भगवान भोलेनाथ को समर्पित पांच पारंपरिक भजनों का निर्माण किया है। अजीत आनंद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांवड़ गीत केवल सावन माह तक ही सुने जाते हैं, जबकि भजन पूरे साल गाए और सुने जा सकते हैं। इसलिए इस बार उन्होंने शिवभक्तों के लिए पारंपरिक और शुद्ध भक्ति गीतों का चयन किया। इनमें से एक गीत की रचना और प्रस्तुति में उनकी माता का विशेष योगदान रहा है। इसके अलावा गीतकार कृष्ण जी ने भी गीतों को तैयार करने में मदद की है। उन्होंने कहा कि सभी भजन भगवान भोलेनाथ की महिमा और उनसे जुड़ी कथाओं पर आधारित हैं। एक गीत में भगवान भोले के अपमान और सती की कथा को संगीतबद्ध किया गया है। जबकि दूसरा लोक गीत गाती के गोबर महादेव…. लोक परंपरा को दर्शाता है।भोजपुरी गीतों में बढ़ती अश्लीलता पर पूछे गए सवाल पर अजीत आनंद ने कहा कि लोगों को जो पसंद है, वही वे सुनते और देखते हैं। यदि दर्शक साफ-सुथरे गानों को अपनाएं तो अश्लील गाने अपने आप बंद हो जाएंगी। मैंने, हमेशा पारंपरिक और शुद्ध गीत गाए हैं और आगे भी गाता रहूंगा। अजीत आनंद ने बताया कि ये सभी भजन उनके यूट्यूब चैनल “अजीत आनंद एंटरटेनमेंट” पर उपलब्ध हैं और दर्शक इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं।