



बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
धान गबन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गयी सख्त कार्रवाई
जिला पदाधिकारी का कड़ा संदेश : धान अधिप्राप्ति में गड़बड़ी कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी
न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चम्पारण
मोहन सिंह
– अमिट लेख
बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान अधिप्राप्ति के पश्चात क्रय किये गये धान का गबन करने को लेकर महुई पैक्स, गौनाहा के अध्यक्ष एवं प्रबंधक के विरूद्ध मटियरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। ज्ञातव्य हो कि महुई पैक्स अध्यक्ष अरविन्द साह एवं प्रबंधक राजवंशी प्रसाद के द्वारा कुल 2165 क्विंटल धान का क्रय किया गया किन्तु महुई पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक द्वारा मिल को उपलब्ध नहीं कराया गया। अंतिम विस्तारित तिथि 14.09.2025 तक महुई पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक द्वारा धान के समतुल्य सीएमआर की आपूर्ति नहीं की गयी। 15 सितंबर को महुई पैक्स गोदाम का भौतिक सत्यापन के क्रम में गोदाम में धान की मात्रा शून्य पायी गयी। महुई पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक द्वारा धान के समुतल्य राशि 5033625 रूपये की राशि का गबन कर लिया गया है। इसे अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा गौनाहा प्रखंड अंतर्गत महुई पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। उक्त के आलोक में आज प्रखंड सहकारिता प्रसाद पदाधिकारी गौनाहा द्वारा मटियरिया थाना में प्राथमिकी संख्या-90/25 दर्ज करा दिया गया है। जिला पदाधिकारी, धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि धान अधिप्राप्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी अथवा पदाधिकारी नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।