AMIT LEKH

Post: सनसनीखेज : सरकारी स्कूल के शिक्षक पर लगा यौन शोषण का गंभीर आरोप

सनसनीखेज : सरकारी स्कूल के शिक्षक पर लगा यौन शोषण का गंभीर आरोप

पटना से हमारे विशेष संवाददाता का संकलन : 

शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड की घटना, इस सनसनीखेज मामले में एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक पर 10 वर्षीय छात्र से यौन शोषण का लगा गंभीर आरोप

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक पर 10 वर्षीय छात्र के साथ यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय खोजागांछी में पदस्थापित शिक्षक सदन कुमार पर अपने ही स्कूल में पढ़ने वाले छात्र के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पहले की है, लेकिन आरोपी शिक्षक द्वारा धमकाए जाने के कारण पीड़ित बच्चा और अन्य छात्र डर के मारे चुप रहे। मामला तब उजागर हुआ जब चार अन्य छात्रों ने कथित घटना को देखा और आपस में इसकी चर्चा की। धीरे-धीरे यह बात विद्यालय की शिक्षिकाओं तक पहुंची, जिसके बाद बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर पीड़ित छात्र ने पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और अभिभावक आक्रोशित होकर विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक से सवाल-जवाब किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान शिक्षक ने अपने कृत्य को स्वीकार भी किया। इसके बाद बरबीघा थाना पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे लोग शिक्षक कहलाने के योग्य नहीं हैं। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से आरोपी शिक्षक की तत्काल सेवा समाप्ति और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

Recent Post