बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
चनपटिया नगर पंचायत का मेला ग्राउंड शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां वर्तमान में कचरा डंपिंग की जा रही है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। चनपटिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या–2 स्थित चनपटिया नगर पंचायत का मेला ग्राउंड शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां वर्तमान में कचरा डंपिंग की जा रही है। ग्राउंड में हो रही कचरा डंपिंग को लेकर कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस समस्या को अत्यंत जनहित से जुड़ा बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विधायक ने कहा कि मेला ग्राउंड जैसे सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंके जाने से न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विधायक अभिषेक रंजन द्वारा दी गई गैर-सरकारी संकल्प सूचना में बताया गया है कि पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत चनपटिया नगर पंचायत का मेला ग्राउंड शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां वर्तमान में कचरा डंपिंग की जा रही है। इससे आसपास के इलाकों में गंदगी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर गहरा आक्रोश भी है। विधायक ने सरकार से मांग की है कि उक्त स्थल पर कचरा डंपिंग पर अविलंब रोक लगाई जाए तथा मेला ग्राउंड को कचरा मुक्त कर वहां प्रस्तावित चिल्ड्रन पार्क का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि बच्चों और नागरिकों को एक स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थान मिल सके। साथ ही, उन्होंने शहर के लिए स्थायी कचरा निस्तारण केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है। अभिषेक रंजन ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और बेहतर नागरिक सुविधाएं किसी भी शहर के विकास की बुनियाद होती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगी।








