AMIT LEKH

Post: बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक पर जानलेवा हमला

बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक पर जानलेवा हमला

पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

सूरजभान सिंह का नाम सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र से है जहां एक बार फिर बड़ी घटना घटी है। बताया जा रहा है कि कुछ बदमाशों ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के एक समर्थक पर जानलेवा हमला किया है जिसमें युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां से उसे डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। घटना के बाद अनंत सिंह के समर्थकों में आक्रोश देखा जा रहा है वहीं हमले का आरोप पूर्व बाहुबली सांसद सूरजभान सिंह पर लगा है। मिली जानकारी के अनुसार पंडारक बाजार में कुछ हमलावरों ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक सुबीर सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। उसके साथ हमलवारों ने मारपीट की और गला दबा कर हत्या करने की भी कोशिश की। घटना के बाद आनन फानन में उसे अस्पताल पहुँचाया गया जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया। घटना के संबंध में घायल के भाई ने कहा कि यह हमला विधानसभा चुनाव के दौरान उपजी राजनीतिक रंजिश की वजह से की गई है। जख्मी के भाई ने बताया कि वह और उनका परिवार लंबे समय से अनंत सिंह के समर्थक हैं जो कि विरोधियों को रास नहीं आ रहा है और इसी वजह से उनके ऊपर जानलेवा हमला किया गया। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान घायल सुबीर सिंह के विरुद्ध एक मामले में गाड़ी में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा था। हालांकि घटना की जानकारी के बाद पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार दल बल के साथ अस्पताल पहुंच कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली।मामले को लेकर पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार ने कहा कि युवक के परिजनों ने सूरजभान सिंह के रिश्तेदार समेत अन्य कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लिखित आवेदन मिलने के बाद दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल घटना के बाद दोनों गुटों के समर्थकों के बीच तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Recent Post