AMIT LEKH

Post: ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग

ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग

पटना से हमारे विशेष संवाददाता का संकलन : 

मृतक मूल रूप से रोहतास जिले के रघुनाथपुर का निवासी था, जो इमादपुर के बिहटा में रहकर ट्रैक्टर चलाता था

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। आरा जिला के तरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमुरी–बंधवा नहर मार्ग पर रविवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। धनगावां पुल के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट जाने से 23 वर्षीय चालक अभिषेक कुमार की जान चली गई। मृतक मूल रूप से रोहतास जिले के रघुनाथपुर का निवासी था, जो इमादपुर के बिहटा में रहकर ट्रैक्टर चलाता था। शनिवार शाम काम पर निकले अभिषेक का ट्रैक्टर अचानक पलट गया, जिससे वह बुरी तरह दब गया। इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद घायल अभिषेक को आनन-फानन में रोहतास के कच्छवां स्थित निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी सांसे थम गईं। परिजनों का आरोप है कि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण अभिषेक की जान गई। वह अपने घर का बड़ा बेटा और एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिसकी मेहनत से माँ और छोटे भाई का भरण-पोषण होता था। जवान बेटे की मौत के बाद से माँ सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही तरारी थाना की पुलिस सक्रिय हुई। प्रभारी थानाध्यक्ष हर्ष कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की हर तकनीकी और प्रत्यक्ष पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक के नियंत्रण खोने की वजह से।

Leave a Reply

Recent Post