छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
तीन बैच में तीन दिवसीय प्रशिक्षण 21 अप्रैल तक चलेगा, कुल 427 कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। डिजिटल जनगणना की तैयारी के तहत एकमा प्रखंड में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दूसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड चार्ज सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार, अपर चार्ज पदाधिकारी मिथलेश कुमार मेहता और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी योगेन्द्र बैठा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य करने के लिए तकनीकी पहलुओं से भी अवगत कराया जा रहा है। चार्ज पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। दूसरे बैच में 146 प्रगणक और पर्यवेक्षक 16 से 18 अप्रैल तक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। तीसरे बैच में 19 से 21 अप्रैल तक 136 सहित कुल 427 कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं इसके पहले पहले बैच में 145 को प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रत्येक बैच के लिए अलग-अलग सत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशिक्षण तीन कक्षों में संचालित हो रहा है, जहां छह फील्ड ट्रेनर और टीचर्स ट्रेनिंग सहयोगी संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दे रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों की गणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, इसलिए प्रशिक्षणार्थियों को कार्य की गंभीरता और सटीकता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान आईटी सहायक सैयद अंसारी, शिक्षक निर्भय कुमार सिंह, मास्टर ट्रेनर विशाल कुमार चंदेल, शशि कपूर, सुनील सिंह, सिकंदर कुमार, अरुण ओझा, सतीश कुमार, सुनील कुमार, रितेश कुमार, सत्यप्रकाश सिंह, प्रशिक्षणार्थी मंजीत कुमार तिवारी, शैलेश कुमार सिंह, दीपक कुमार, सुनील कुमार सिंह, योगेश कुमार सिंह, दिग्विजय कुमार गुप्ता, कमल कुमार सिंह, सच्चिदानंद आजाद, ब्रजेश उपाध्याय, रमेश सजल, सोनम मिश्रा, छविनाथ मांझी, रंजीत कुमार पासवान, कृष्ण मोहन पंडित, राजेश कुमार सिंह, शालिनी शुक्ला सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।








