AMIT LEKH

Post: पटना के तीन होटलों पर खाद्य संरक्षा इकाई की कार्रवाई, तीन दिनों के लिए रसोई बंद

पटना के तीन होटलों पर खाद्य संरक्षा इकाई की कार्रवाई, तीन दिनों के लिए रसोई बंद

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 24 नवम्बर 2026

निरीक्षण में मिलीं साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में खामियां, 8 किलो पनीर समेत कई खाद्य सामग्री नष्ट

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (जगीर सिंह/ए.एल.टीम)। आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने पटना के तीन होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान राजेंद्र पथ स्थित होटल एंबेसडर और होटल मगध तथा भट्टाचार्य रोड स्थित होटल नंद की रसोई में साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण में कई खामियां पाई गईं।

इसके बाद तीनों होटलों की रसोई को तीन दिनों के लिए बंद करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान तीनों होटलों से पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, कार्रवाई के दौरान कुल 8 किलोग्राम पनीर समेत अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार, होटल एंबेसडर और होटल मगध की रसोई में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर रखी गई थी। इसके अलावा मसालों के डिब्बों पर जंग लगी हुई पाई गई। तीनों होटलों में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। कार्रवाई के दौरान होटल एंबेसडर में 3 किलोग्राम पनीर, 500 ग्राम कॉर्नफ्लोर, खाद्य रंग के तीन पैकेट, मसालों के पांच डिब्बे, बेकिंग पाउडर के पांच पैकेट और कॉफी का एक पैकेट नष्ट किया गया। होटल मगध में 2 किलोग्राम पनीर, 1.25 किलोग्राम दाल मखनी, 10 किलोग्राम ग्रेवी और 1 किलोग्राम चिकन नष्ट कराया गया। वहीं, होटल नंद में 3 किलोग्राम पनीर, 3 लीटर दूध और 3 किलोग्राम आटा नष्ट किया गया। खाद्य संरक्षा इकाई ने निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को लेकर तीनों प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित होटलों की खाद्य कारोबार अनुज्ञप्ति निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है। खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा नियमित निरीक्षण और खाद्य नमूनों के संग्रह के माध्यम से होटल एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के अनुपालन पर नजर रखी जा रही है। विभाग का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में सुधार सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

Leave a Reply

Recent Post