रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 24 नवम्बर 2026
कृषक प्रतिनिधि संवाद सम्मेलन में जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और किसानों के अधिकारों पर हुई चर्चा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (जगीर सिंह/ए.एल.टीम)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने फरक्का जल संधि के नवीनीकरण में बिहार के हितों और किसानों के अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है। मंगलवार को पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती विचार केंद्र की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय ‘कृषक प्रतिनिधि संवाद’ सम्मेलन में शामिल होकर उन्होंने जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और बिहार की कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि फरक्का जल संधि का बिहार की कृषि, सिंचाई व्यवस्था और किसानों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों को गंभीरता से समझने की जरूरत है। दिसंबर 2026 में संधि की 30 वर्ष की अवधि पूरी होने के मद्देनजर इसके नवीनीकरण से जुड़े किसी भी निर्णय में बिहार के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की नदियों, जल संसाधनों, सिंचाई, पेयजल और किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही भविष्य की जल प्रबंधन नीति तैयार की जानी चाहिए। जल से संबंधित किसी भी समझौते में बिहार के किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बिहार के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को उठाते रहे हैं। किसानों के अधिकारों की रक्षा, जल संसाधनों का न्यायसंगत उपयोग और राज्य की कृषि के भविष्य को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। सम्मेलन में किसान नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों के साथ बिहार के जल संसाधनों, सिंचाई व्यवस्था, कृषि विकास और किसानों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया गया।

