महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
बढ़ते लोड के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे लेकर बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग और संयम बरतने की अपील की है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद में भीषण गर्मी और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है। एसी, कूलर, पंखे, मोटर और अन्य बिजली उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से विद्युत व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है।
बढ़ते लोड के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे लेकर बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग और संयम बरतने की अपील की है। बिजली विभाग के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व निर्धारित रोस्टर के तहत दिन और रात में लगभग 3-3 घंटे की कटौती की जा रही है ताकि सभी क्षेत्रों में संतुलित रूप से बिजली आपूर्ति जारी रखी जा सके। वहीं आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसमिशन विभाग के निर्देशानुसार इमरजेंसी कटौती भी की जा सकती है। विभाग का कहना है कि अत्यधिक लोड और तकनीकी समस्याओं के चलते कभी-कभी अचानक आपूर्ति बाधित हो जाती है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई जगहों पर ट्रांसफार्मर गर्म होने, लाइन फॉल्ट और तार टूटने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए बिजली कर्मियों की टीमें लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं। खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, फॉल्ट ठीक करने और बाधित लाइनों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि लोग आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें। बेवजह एसी, कूलर, मोटर और अन्य भारी उपकरण चालू न रखें। साथ ही जिन उपभोक्ताओं के यहां अधिक बिजली लोड का उपयोग हो रहा है, वे विभाग से संपर्क कर अपना अधिकृत लोड बढ़वा लें ताकि ओवरलोडिंग की समस्या कम हो सके। विभाग ने यह भी कहा कि बिजली बचत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय हित में भी जरूरी है। लोगों से एलईडी बल्ब के उपयोग, अनावश्यक लाइट बंद रखने और बिजली की बर्बादी रोकने की अपील की गई है। किसी भी बिजली समस्या, फॉल्ट या शिकायत के लिए उपभोक्ता बिजली विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1912 तथा कंट्रोल रूम नंबर 7380957450 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतों का जल्द से-जल्द निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।








