AMIT LEKH

Post: पत्रकारों पर हमले के विरोध में भाकपा का जोरदार प्रदर्शन

पत्रकारों पर हमले के विरोध में भाकपा का जोरदार प्रदर्शन

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

भाकपा ने उठायी मेडिकल छात्रों के गिरफ्तारी की मांग

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के सबसे बड़े गवर्मेंट हॉस्पिटल (GMCH) में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है।

फोटो : मोहन सिंह

पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी डॉक्टर्स और मेडिकल छात्रों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। भाकपा के जिला सचिव ओमप्रकाश क्रांति ने कहा कि बुधवार 17 जून को अस्पताल में हुई प्रसूता की मौत के बाद मेडिकल छात्रों और परिजनों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। मामले की जानकारी के लिए अस्पताल में जब पत्रकार पहुंचे, तो मेडिकल छात्रों द्वारा उनसे भी मार पीट की घटना को अंजाम दिया गया।

छाया : अमिट लेख

हद तो तब हो गई जब कुछ पत्रकारों को अस्पताल में ही घंटों तक बंधक बनाकर उनके फोन छीन लिए गए और फिर उन्हें तोड़ दिया गया एवं एक पत्रकार के ऊपर आपरेशन में प्रयोग किए जाने वाले ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

बकौल ओम प्रकाश, आश्चर्य की बात तो यह है कि GMCH में मेंडिकल छात्रों की दबंगई का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी अस्पताल परिसर में मरीज के परिजनों और जीविका दीदियों के साथ मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिनमें प्रशासन ने न तो कोई संज्ञान लिया और न ही मेडिकल छात्रों पर किसी भी प्रकार की कार्यवाई की। भाकपा नेता ने ज़िले के सिविल सर्जन पर भी कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि ज़िले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर अधिकारी का कोई भी नियंत्रण नहीं है। यही कारण है कि GMCH ही नहीं, बल्कि योगपट्टी स्थित PHC से भी परिजनों के साथ डॉक्टर्स के मुठभेड़ के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल स्थिति ये है कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है, जिसका खामियाजा मरीज़ सहित उनके परिजनों को भी भुगतना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्टी (भाकपा) ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने और दोषी छात्रों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि यदि इस मामले पर जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पत्रकारों और स्थानीय लोगों के समर्थन में जिले भर में और तेज आंदोलन करने को तैयार है।

Leave a Reply

Recent Post