महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने की
बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बहुआर पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने की। बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी कार्यक्रम निर्धारित परंपराओं और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किए जाएंगे। किसी भी नए आयोजन, नए मार्ग अथवा नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी।

जुलूसों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने तथा ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मोहर्रम जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। बैठक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मिश्रौलिया और झुलनीपुर क्षेत्र में ताजिया जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अमरनाथ यादव, भास्कर शर्मा, रामप्रवेश, मौलाना अख्तर हुसैन,हारून उर्फ रौजा बाबा, छबिलाल भारती, नन्हे शेख, मुस्तफा अंसारी, जमालुद्दीन, मैनुद्दीन, सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, ताजियादार, एवं क्षेत्र के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।








