AMIT LEKH

Post: ट्रेन में बेहोश मिले अज्ञात युवक को एकमा स्टेशन पर उतारकर पहुंचाया गया एकमा सीएचसी

ट्रेन में बेहोश मिले अज्ञात युवक को एकमा स्टेशन पर उतारकर पहुंचाया गया एकमा सीएचसी

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :

बेहोश मिले अज्ञात युवक की पहचान में जुटी पुलिस

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के छपरा–सिवान रेलखंड स्थित एकमा रेलवे स्टेशन पर सोमवार की शाम छपरा से मऊ जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक अज्ञात युवक बेहोशी की हालत में मिला।

फोटो : संवाददाता

रेलवे कंट्रोल से एकमा स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना मिलने के बाद एकमा स्टेशन पर तैनात आरपीएफ एवं जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए युवक को ट्रेन से उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा पहुंचाया।

छाया : अमिट लेख

उपचार के दौरान सीएचसी में रेलवे पुलिस बल द्वारा बताया गया कि ट्रेन संख्या 55101 छपरा कचहरी–मऊ पैसेंजर से शाम करीब 5:13 बजे लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवक को एकमा स्टेशन पर उतारा गया।

छाया : अमिट लेख

युवक बेहोशी की अवस्था में था और उसकी हालत चिंताजनक प्रतीत हो रही थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ कांस्टेबल वृजेश कुमार यादव, वकील प्रसाद तथा जीआरपी कांस्टेबल ललन कुमार ने संयुक्त रूप से युवक को सुरक्षित ट्रेन से उतारकर तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

छाया : अमिट लेख

जहां सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आयुष्मान कुमार ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार युवक तेज बुखार और अचेतावस्था से पीड़ित था। लगभग दो घंटे तक चले उपचार और निगरानी के बाद उसका बुखार कम हुआ तथा उसे होश आ गया। हालांकि होश में आने के बावजूद युवक अपनी पहचान, घर-परिवार या अन्य कोई जानकारी स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था। पुलिस द्वारा युवक की तलाशी ली गई, लेकिन उसके पास से कोई मोबाइल फोन, पहचान पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान स्थापित की जा सके। इस कारण उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक तौर पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं कुछ लोगों द्वारा उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल चिकित्सकीय जांच और पहचान की प्रक्रिया जारी है। जीआरपी और आरपीएफ द्वारा विभिन्न माध्यमों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें सूचित किया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई इस युवक की पहचान करता हो तो संबंधित पुलिस अधिकारियों अथवा एकमा रेलवे स्टेशन से संपर्क कर सूचना उपलब्ध कराए।

Leave a Reply

Recent Post