छपरा से हमारे उप-संपादक का चश्मा :
एकमा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल छपरा रेफर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा/मांझी, (संवाददाता)। एकमा पुलिस सर्किल के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउदपुर बाजार में सोमवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जाता है कि युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आयुष्मान कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। एकमा सीएचसी में उपचार के दौरान घायल युवक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के माने गांव निवासी अशोक गिरि के पुत्र अमरजीत गिरि (35) के रूप में हुई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर युवक के परिजन एवं निकट संबंधी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना काफी तेज टक्कर के कारण हुई, जिससे युवक को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिजन घायल के बेहतर उपचार के लिए उसे सदर अस्पताल छपरा के लिए एंबुलेंस वाहन से लेकर रवाना हो गए।








