पटना से हमारे विशेष ब्यूरो की रिपोर्ट :
पहचान नहीं होने से उलझी गुत्थी, जांच में जुटी पुलिस
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मुजफ्फरपुर, (दिवाकर पाण्डेय)। जिला में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना तुर्की थाना क्षेत्र के दरियापुर कफेन स्थित शिव मंदिर के पास की है। सुबह स्थानीय लोगों ने रेल पटरी पर युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही तुर्की थाना की पुलिस प्रभारी थानाध्यक्ष राधेश्याम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी. पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने घटना की गुत्थी और उलझ गई है। आसपास के थानों और लापता लोगों के रिकॉर्ड से भी मिलान किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि मामला हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद संभावित साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। वहीं मृतक की पहचान कराने के लिए स्थानीय लोगों और अन्य थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।








