AMIT LEKH

Post: बगहा में अधेड़ की संदिग्ध मौत : परिजनो ने पड़ोसियों पर लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप,जांच में जुटी पुलिस

बगहा में अधेड़ की संदिग्ध मौत : परिजनो ने पड़ोसियों पर लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप,जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना

बुधवार सुबह जब परिजन उन्हें भोजन देने के लिए कमरे में पहुंचे, तो वह अपने बिस्तर पर अचेत मृत अवस्था में पाए गए

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़ 

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के रामपुर मलाही टोला में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान अशोक सहनी (64 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह जब परिजन उन्हें भोजन देने के लिए कमरे में पहुंचे, तो वह अपने बिस्तर पर अचेत मृत अवस्था में पाए गए। घटनास्थल पर परिजनों ने देखा कि अशोक सहनी के नाक से खून और मुंह से झाग निकल रहा था, साथ ही उनके गले पर कसने के स्पष्ट निशान बने हुए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने तुरंत गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही लौकरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मृतक के बेटे सोनू सहनी ने अपने पड़ोसी अवधेश सहनी और चुन्नीलाल सहनी पर पिता की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सोनू का कहना है कि मंगलवार की रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था, जिस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की जानकारी देते हुए लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला गला दबाकर हत्या (स्ट्रैंगुलेशन) का प्रतीत हो रहा है। पीड़ित परिजनों के बयान के आधार पर नामजद किए गए आरोपियों के ठिकाने पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, लेकिन दोनों आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।

Comments are closed.

Recent Post