रिपोर्ट : पटना डेस्क, विशेष ब्यूरो
नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बाढ़ बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक आई
इसके बाद प्रभावित इलाकों में मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों से संपर्क टूट गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। नेपाल की तिब्बत सीमा से लगे रसुवा इलाके में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के बाद 291 विदेशी पर्यटकों के लापता होने की सूचना है, जिनमें 142 भारतीय पर्यटक शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 93 नेपाली नागरिकों के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन, टूरिस्ट पुलिस और स्थानीय एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बाढ़ बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक आई। इसके बाद प्रभावित इलाकों में मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों से संपर्क टूट गया। बोर्ड ने बताया कि टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल कंपनियों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर 291 विदेशी पर्यटकों और 93 नेपाली नागरिकों के लापता होने की सूचना मिली है। हालांकि, इन आंकड़ों की अभी पुष्टि की जा रही है। पर्यटन बोर्ड ने कहा कि ट्रैवल एजेंसियों, टूर गाइड, सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर लापता पर्यटकों की जानकारी सत्यापित की जा रही है। साथ ही बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। तिब्बत से नेपाल की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने रसुवा और आसपास के इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया और कई इलाकों में संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर है। बाढ़ के तेज बहाव में पुलों और बिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए नेपाल के कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, स्मार्ट टूर्स एंड ट्रैवल से जुड़े 59 भारतीय पर्यटक, लीफ हॉलिडे के 46 भारतीय पर्यटक और हिमालयन ग्लेशियर की सेवाएं ले रहे 37 एनआरआई लापता बताए गए हैं। इसके अलावा काठमांडू हॉलिडे टूर एंड ट्रैवल से जुड़े एक ऑस्ट्रेलियाई और एक नीदरलैंड के पर्यटक, कैलाश जर्नी के 26 लोग तथा ट्रेकर्स सोसाइटी से जुड़े 77 पर्यटक भी लापता बताए गए हैं। इन 26 और 77 लोगों की नागरिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। रिचा टूर्स एंड ट्रैवल से जुड़े आठ लोग भी लापता हैं। वहीं फिशटेल टूर्स एंड ट्रैवल्स से जुड़े तीन अमेरिकी और 17 मलेशियाई पर्यटक तथा अल्पाइन इको ट्रेक से जुड़े 12 ब्रिटिश और चार दक्षिण अफ्रीकी पर्यटकों के भी लापता होने की सूचना है। नेपाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान तेज कर रही हैं। फिलहाल बाढ़ से हुए कुल नुकसान और लापता लोगों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।








