AMIT LEKH

Post: अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई से सुदृढ़ होगी कचरा प्रबंधन व्यवस्था : जिला पदाधिकारी

अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई से सुदृढ़ होगी कचरा प्रबंधन व्यवस्था : जिला पदाधिकारी

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

सेनुवरिया बनेगी स्वच्छ एवं सुंदर पंचायत

सेनुवरिया पंचायत में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का जिला पदाधिकारी ने किया उद्घाटन

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने आज मझौलिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज सेनुवरिया में नवनिर्मित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट) का फीता काटकर उद्घाटन किया।

फोटो : मोहन सिंह

इस अवसर पर माननीय मुखिया श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी ने अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया तथा इसके संचालन, कचरा संग्रहण एवं अपशिष्ट के उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इकाई का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट का उचित प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के माध्यम से पंचायत में उत्पन्न कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण एवं निस्तारण किया जा सकेगा। इससे न केवल पंचायत को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी, बल्कि कचरे से उपयोगी संसाधनों को अलग कर उनका बेहतर उपयोग भी संभव होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत के प्रत्येक घर से कचरे का नियमित संग्रहण, कचरे को निर्धारित स्थान पर देना तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के प्रभावी संचालन से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुदृढ़ होगी और सेनुवरिया पंचायत को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ पंचायत के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने गांव एवं पंचायत को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का नियमित संचालन सुनिश्चित करते हुए कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण की पूरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि सरकार की स्वच्छता संबंधी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों को मिल सके।

Leave a Reply

Recent Post